कटनी। जिले के माधवनगर थाना अंतर्गत निवार चौकी पुलिस ने ग्राम जरवाही में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीछे की दीवार खोदकर दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 को ग्राम जरवाही निवासी हेमचन्द्र कुशवाहा अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान की पिछली दीवार खोदकर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी चोरी कर ली। घर लौटने पर चोरी का पता चलने के बाद फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले में थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 408/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
फरार आरोपी पकड़ाया, जेवरात जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी जितेंद्र उर्फ पवनों मांझी (26 वर्ष), निवासी मतवारी, थाना कुठला को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। इसके बाद उसके कब्जे से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।





