संदीप मौर्य✍️
कटनी। जंगलों में वन्यजीवों के संरक्षण के दावों के बीच जिले के ग्राम नैंगवा से जंगली सूअर के कथित अवैध शिकार और उसके मांस की बिक्री का मामला सामने आया है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने गांव में दबिश देकर एक घर की तलाशी ली। इस दौरान मौके से पका हुआ मांस, फ्रिज में रखे कच्चे मांस के अवयव और खून से सना एक बाका बरामद किया गया। विभाग ने बरामद सामग्री जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नैंगवा निवासी रंगलाल सपेरा पर जंगली सूअर का शिकार कर उसके मांस को घर में काटने और विक्रय करने का आरोप है। 27 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कढ़ाई में पका हुआ मांस मिला, जबकि फ्रिज में कच्चे मांस के अवयव रखे हुए पाए गए। इसके अलावा खून से सना एक बाका भी बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान मिली सामग्री को विधिवत जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय कटनी लाया गया। अब मामले में बरामद सामग्री और वन्यजीव के कथित शिकार से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में संयुक्त टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी कटनी गर्वित गंगवार के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी कटनी पूर्व के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में वनपाल अनिल कुमार मिश्रा, सुमित सिंह एवं रंजना कुजूर तथा वनरक्षक कमलेश कुमार लारिया, रोहित मिश्रा, शाश्वत शिवहरे एवं सविता दुर्वे सहित पहाड़ी और कटनी के वन अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
वन्यजीवों के संरक्षण पर विभाग की सख्ती
वन विभाग का कहना है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके मांस के अवैध व्यापार को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। नैंगवा में सामने आए इस मामले ने वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है





