संदीप मौर्य ✍️
कटनी – नगर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक परंपराओं का प्रतीक श्री बजरंग कटाएघाट मेले का मंगलवार को को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के वातावरण में प्रारंभ हुआ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर निगम कटनी के तत्वावधान में आयोजित मेले का शुभारंभ मधई मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। भगवान श्री बजरंगबली की भव्य प्रतिमा, ध्वज पताका, भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं के जयकारों से सुसज्जित शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कटाएघाट मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्री बजरंगबली की स्थापना कर मेले का विधिवत आगाज किया गया।
शोभायात्रा में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद शशिकांत तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, रेखा संजय तिवारी, वंदना राजकिशोर यादव, गोविंद चावला एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। भक्ति से सराबोर वातावरण में निकली शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। नगर के बाजार एवं प्रमुख मार्ग प्रभु श्री बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान रहे।
मधई मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ
शोभायात्रा प्रारंभ होने के पूर्व महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मधई मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात प्रभु श्री बजरंगबली की आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया गया। ध्वज पताका लिए श्रद्धालुओं, भजन गाती मंडलियों एवं वाहन में विराजित श्री हनुमान जी महाराज की भव्य प्रतिमा के साथ शोभायात्रा आगे बढ़ी। शोभा यात्रा के दौरान गायन मंडली एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने शोभायात्रा में धार्मिक उत्साह का संचार किया।
प्रमुख मार्गों से होती हुई कटाएघाट मंदिर पहुंची शोभायात्रा
मधई मंदिर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, शेर चौक एवं मिशन चौक होते हुए कटाएघाट मंदिर पहुंची। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में प्रभु की आरती कर पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा शोभायात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
कटाएघाट मंदिर में ध्वज पताका फहराकर विराजे प्रभु श्री बजरंगबली
शोभायात्रा के कटाएघाट मंदिर पहुंचने पर धार्मिक परम्पराओं एवं विधि-विधान के साथ श्री बजरंगबली की स्थापना की गई। मंदिर परिसर में ध्वज पताका फहराई गई तथा आरती, पूजन एवं जयकारों के बीच मेले के शुभारंभ की धार्मिक रस्में पूर्ण हुईं। भगवान श्री बजरंगबली की स्थापना के साथ ही कटाएघाट मेला परिसर श्रद्धा एवं उत्सव के रंग में रंग उठा। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया और मेले की मंगलमय शुरुआत के साक्षी बने।
नगर निगम द्वारा वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस पारंपरिक मेले के शुभारंभ ने नगर की धार्मिक विरासत, सामूहिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक एकजुटता को एक बार फिर जीवंत किया। शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह और नगरवासियों की सहभागिता मेले के प्रति जनआस्था का प्रतीक बनी।
इनकी रही विशेष मौजूदगी
मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा, पार्षद शशिकांत तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, रेखा संजय तिवारी, वंदना राजकिशोर यादव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, शैलेन्द्र प्यासी, कार्यालय अधीक्षक, नागेंद्र पटेल समाजसेवी श्री संजय गुप्ता, रमेश सोनी, पूर्व कर्मचारी विष्णु प्रसाद साहू, राकेश तिवारी, महेंद्र शर्मा, नगर निगम द्वारा संचालित तीनों स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षिकाएं सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।





