पंचायती राज चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा*
जयपुर में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत संदेश नायक और जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने सांभरलेक, कालवाड़ और दूदू उपखंड का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों का थानाधिकारी और तहसीलदार स्तर के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण करने तथा आदर्श मतदान केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
वहीं, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए फ्लैग मार्च आयोजित करने को कहा गया। अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। बैठकों में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय, सतर्कता और समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने पर चर्चा की।





