संदीप मौर्य✍️
कटनी। जिले के स्लीमनाबाद और बहोरीबंद क्षेत्र में कथित अवैध उत्खनन और अवैध प्लाटिंग का कारोबार लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र में मिट्टी और मुरम के अवैध उत्खनन के साथ-साथ कृषि भूमि पर बिना जरूरी वैधानिक अनुमतियों के प्लाटिंग किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय स्तर पर इन गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं स्लीमनाबाद में एसडीएम कार्यालय से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर भी कथित तौर पर अवैध उत्खनन और प्लाटिंग की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रशासनिक अमले को इन गतिविधियों की जानकारी क्यों नहीं मिल पा रही है?
बहोरीबंद एसडीएम श्लोक वायकर के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में अवैध उत्खनन और अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। मिट्टी और मुरम का उत्खनन किसकी अनुमति से किया जा रहा है? निकाली जा रही खनिज सामग्री का परिवहन किन वाहनों से हो रहा है? क्या संबंधित लोगों के पास खनिज विभाग की वैध अनुमति और रॉयल्टी की रसीदें हैं? यदि अनुमति नहीं है तो अब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
एसडीएम कार्यालय के इतने नजदीक यदि अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें हैं, तो प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। क्या राजस्व विभाग, खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है? यदि जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? आखिर किसके भरोसे खनन और प्लाटिंग का यह कथित कारोबार फल-फूल रहा है?
आदिवासी जमीन के नामांतरण का मामला भी चर्चा में
इसी बीच क्षेत्र में आदिवासी भूमि के नामांतरण से जुड़े मामलों को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों के दावों और स्थानीय स्तर पर उठ रही शिकायतों के अनुसार, आदिवासी भूमि के नामांतरण से जुड़े प्रकरणों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है। हालांकि इन मामलों में वास्तविक स्थिति राजस्व अभिलेखों, नामांतरण आदेशों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
लेकिन सवाल यह है कि जब आदिवासी भूमि के नामांतरण जैसे संवेदनशील मामलों में प्रशासनिक जांच की आवश्यकता है, तब कथित अवैध प्लाटिंग और अवैध उत्खनन के मामलों में भी ठोस कार्रवाई क्यों दिखाई नहीं दे रही? क्या प्रशासन इन सभी शिकायतों को गंभीरता से लेकर जांच कराएगा?
शासन को राजस्व का नुकसान, जिम्मेदार कौन?
मिट्टी और मुरम का अवैध उत्खनन केवल प्राकृतिक संसाधनों का दोहन नहीं, बल्कि शासन के राजस्व को भी नुकसान पहुंचाने का कारण बन सकता है। यदि बिना अनुमति उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है तो खनिज नियमों के तहत संबंधित लोगों पर कार्रवाई आवश्यक है। इसी तरह कृषि भूमि पर बिना आवश्यक अनुमति कॉलोनियों की तरह प्लाट काटकर बेचे जाने की शिकायतों की भी जांच होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।





