संदीप मौर्य ✍️
कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में एटीएम से जुड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम हरदुआ निवासी एक युवक के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 28 हजार 400 रुपये निकाल लिए जाने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हरदुआ निवासी रवि कुमार कोल (31), पिता नरेश कोल के साथ यह घटना 20 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे स्लीमनाबाद तिराहे स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम के पास हुई। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड की चोरी कर उसका दुरुपयोग किया और पीड़ित के बैंक खाते से कुल 28,400 रुपये निकाल लिए।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने स्लीमनाबाद थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 828/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अब मामले की जांच करते हुए आरोपी की पहचान करने में जुटी है। एटीएम परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित बैंक से संबंधित लेनदेन की जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





