जगदलपुर – बस्तर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, ज्वेलरी शॉप से सोना चोरी करने वाला महाराष्ट्र का गिरोह गिरफ्तार
जगदलपुर। कोतवाली पुलिस ने महाराष्ट्र से आकर ज्वेलरी दुकान में चोरी करने वाले 5 शातिर चोरों के पूरे गिरोह को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं।
मामला 23 अगस्त 2026 का है। शहर के ज्वेलर सतीश सूर्यवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में दुकान बंद करने से पहले गहनों का मिलान करने पर 11.500 ग्राम सोने के कान के सुई-धागा आभूषण कम पाए गए। CCTV फुटेज देखने पर पता चला कि शाम 5:09 से 5:20 बजे के बीच दो महिला और दो पुरुष ग्राहक बनकर दुकान में आए और भीड़ का फायदा उठाकर गहने चुरा लिए।
रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के सोलापुर, पुणे और मुंबई के रूप में हुई।
पुलिस ने 5 आरोपियों – पृथ्वीराज चौहान (60), रेखा चौहान (50), चेतन भाटी (50), संदीप गौड़ (35) और जयश्री शेलके (62) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी कर सोना बेचना और पैसा आपस में बांटना कबूल किया।
पुलिस ने इनके पास से बचे हुए 20 हजार रुपये नगद और 5 मोबाइल फोन, कुल 50 हजार का मशरूका जप्त किया है। सभी को 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्यवाही में कोतवाली निरीक्षक लीलाधर राठौर, अरुण मरकाम, रानी सोनी और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।





