संदीप मौर्य✍️
कटनी। शहर के रंगनाथनगर थाना क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग आपराधिक मामलों में फरार चल रहे 2500 रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनमोल कोल (18 वर्ष), पिता गुलाब कोल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 18 नवंबर को रंगनाथनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को फरियादी दीपक सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मटन मार्केट से घर लौटते समय अर्जुन वंशकार, राज, समीर और अनमोल कोल ने रास्ते में छुरा दिखाकर उससे 2800 रुपये लूट लिए थे। मामले में थाना रंगनाथनगर में अपराध क्रमांक 380/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
इसके अलावा आरोपी अनमोल कोल के विरुद्ध थाना क्षेत्र में ही अपराध क्रमांक 381/26 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं बीएनएस की धारा 326जी में भी मामला दर्ज था। दोनों प्रकरणों में फरार रहने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 2500 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय, सतीश, विजेंद्र तिवारी, बहादुर सिंह सहित प्रधान आरक्षक रामनरेश
लालजी, पवन, अजय, महेंद्र, अर्जुन तथा आरक्षक वीरेंद्र दहायत की भूमिका रही।





