संदीप मौर्य✍️
कटनी। जन्मदिन पर होने वाले आयोजनों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने बाल आश्रय गृह झिंझरी पहुंचकर बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने परिवारजनों, साथियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बच्चों के बीच केक काटकर खुशियां साझा कीं और उन्हें बेडशीट, उपहार सामग्री एवं स्वल्पाहार भेंट किया।
इस दौरान श्री विश्वकर्मा ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई और दिनचर्या की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों की बेहतर शिक्षा को लेकर उन्होंने आश्रय गृह के संचालक राजेंद्र झा से चर्चा की और संस्थान में इंग्लिश ट्यूटर की व्यवस्था करने का सुझाव देते हुए अपनी ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
श्री विश्वकर्मा ने कहा कि आश्रय गृह में रहने वाले बच्चे भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्हें स्नेह, सम्मान और बेहतर अवसर देना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर इन बच्चों की शिक्षा और जीवन को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए। बच्चों के जीवन में खुशियां लाने के सामूहिक प्रयासों से ही अंत्योदय की परिकल्पना साकार हो सकती है।
इस अवसर पर बाल आश्रय गृह के संचालक राजेंद्र झा, श्रीमती रोशनी पटेल, अमित बेन, विनय तिवारी सहित अशोका एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से मौसम विश्वकर्मा, नीलेश विश्वकर्मा, विराज द्विवेदी, शुभम विश्वकर्मा, रोहित जयसिंघानी, सुनील विश्वकर्मा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





