संदीप मौर्य✍️
कटनी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में रीठी तहसील के ग्राम मोहास में प्रशासनिक उड़नदस्ता दल ने एक व्यापारी के परिसर में दबिश देकर 179 क्विंटल धान जब्त किया है। कार्रवाई से उन व्यापारियों और बिचौलियों में हड़कंप की स्थिति है, जो उपार्जन व्यवस्था के बीच अनियमित तरीके से धान का भंडारण और कारोबार कर रहे हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल ने 21 नवंबर को तहसीलदार रीठी आकांक्षा चौरसिया के नेतृत्व में ग्राम मोहास स्थित व्यापारी जीतू पटेल के परिसर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां 179 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही धान जब्त कर लिया।
कृषि उपज मंडी के भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम जितेंद्र पटेल के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच के बाद कृषि उपज मंडी समिति द्वारा मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बायपास पर भी पकड़ा जा चुका है धान से भरा ट्रक
गौरतलब है कि इसके पहले भी उड़नदस्ता दल ने कटनी-जबलपुर बायपास पर बिना वैध दस्तावेजों के 301.50 क्विंटल धान का परिवहन करते हुए एक ट्रक पकड़ा था। इस मामले में 88 हजार 930 रुपये का दांडिक मंडी शुल्क वसूलने के साथ मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19(4) के तहत काकार्रवाई की गई।
मोहास में हुई ताजा कार्रवाई में मंडी उपनिरीक्षक सुधीर त्रिपाठी, विकास नारायण मिश्रा एवं प्रशांत मौर्य भी शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।





