फौजी के सूने फ्लैट में चोरी, बीस लाख का माल पार
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ संदिग्ध, पुलिस तलाश में जुटी
वृंदावन की गेट बंद सोसाइटी कान्हा माखन वाटिका कालोनी में रहने वाले फौजी के सूने फ्लैट में चोरों ने धावा बोल दिया। रात के सन्नाटे में घुसे चोरों ने सिर्फ घर में रखी अलमारी खंगाली और सोना-चांदी के आभूषण व नकदी समेत करीब बीस लाख रुपए का माल समेट ले गए। हालांकि पड़ोस की बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध भागता हुआ नजर आया है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कान्हा माखन वाटिका के धाम छह के फ्लैट नंबर छह में रहने वाले बांके बिहारी गौड़ के सूने मकान में चोरी की वारदात हुई है। बांके बिहारी गौड़ सेना में जवान हैं और इस समय उनकी पोस्टिंग दिल्ली में है। जबकि यहां फ्लैट में उनकी पत्नी दुर्गेश अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। फौजी के पिता ठाकुर लाल ने बताया कि वह लोग मूल रूप से देवी आटस के पास गूजर परखम गांव के रहने वाले हैं। उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है इसलिए विगत आठ दिन से उनकी बहू दुर्गेश बच्चों को लेकर अभी वहीं रह रही है। इसी का फायदा उठाकर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चोरों ने फ्लैट में धावा बोल दिया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दरवाजे की कुंदी तोड़कर फ्लैट में दाखिल हुए चोर ने केवल अंदर कमरे में रखी अलमारी को ही खंगाला और उसमें रखे दस तौला वजनी सोने के आभूषण, करीब 250-300 ग्राम वजन के चांदी के आभूषण और ढाई लाख रुपए नकद पार कर ले गया। चोरी का पता सुबह तब चला जब पड़ोसी ने दरवाजे की कुंदी टूटी हुई देखी। सूचना मिलते ही पुलिस और फारेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन की। वृंदावन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि पास की बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 12:40 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में थैला लिए हुए भागता नजर आया है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वृंदावन संवाददाता आनंद पचौरी





