कटनी। सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की सुविधाओं में विस्तार करने और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने को लेकर जिला पंचायत में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अशोक विश्वकर्मा ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों को साइकिल वितरण केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि इस प्रक्रिया में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से विद्यार्थियों तक पहुंचे। इसके साथ ही विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने और शैक्षणिक गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर, जिला शिक्षा परियोजना समन्वयक प्रेम नारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयक, सहायक यंत्री, बीआरसी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं जिला स्तरीय समिति के अशासकीय सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान नियुक्ति, अनुदानएवं निर्माण समिति के नामांकित अशासकीय सदस्यों का शाल, श्रीफल एवं डायरी भेंटकर सम्मान भी किया गया।
डिजिटल रिकॉर्ड से लेकर नामांकन तक की पड़ताल
समीक्षा बैठक में यू-डाइस, यू-डाइस इनकंसिस्टेंसी, अपार आईडी एवं एमबीयू से संबंधित कार्यों की विकासखंडवार समीक्षा की गई। अधिकारियों से इनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों को गणवेश एवं साइकिल वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
विद्यालयों में संचालित निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को लेकर भी अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया। निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता और समय सीमा में पूरे हों। जिन विकासखंडों में कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां विशेष निगरानी रखकर तेजी से काम कराया जाए। विद्यालयों का वातावरण बेहतर बनाने के लिए मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
ढीमरखेड़ा के कार्यों की सराहना, अन्य विकासखंडों को नसीहत
समीक्षा के दौरान जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने विकासखंड ढीमरखेड़ा के विकासखंड शिक्षा समन्वयक के कार्यों की सराहना की। उन्होंने अन्य विकासखंडों के अधिकारियों को भी इसी कार्यशैली के साथ निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने के निर्देश दिए। सीईओ ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ नियमित मॉनिटरिंग करें और जहां कमियां सामने आएं, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।





