बस्तर में बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ा है SBI, चंदनपुर में 100 परिवारों को बांटी राहत सामग्री
बस्तर में इंद्रावती नदी में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने मानवीय पहल की है। SBI भोपाल के मुख्य महाप्रबंधक के निर्देश और क्षेत्रीय प्रबंधक, बस्तर के मार्गदर्शन में लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के ग्राम चंदनपुर में 100 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
भारतीय स्टेट बैंक की लोहंडीगुड़ा और छापर भानपुरी शाखा द्वारा CSR के तहत संयुक्त रूप से आयोजित इस राहत कार्य में राशन, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं बांटी गईं। इनमें कई ऐसे परिवार भी शामिल हैं जिनके घरों में रखा धान, मार्कशीट, बैंक पासबुक और घरेलू सामान इंद्रावती का जलस्तर बढ़ने से बह गया।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में SBI हर कदम पर जनता के साथ खड़ा है और जिले के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी मदद जारी रहेगी। राहत पाकर ग्रामीणों ने SBI का आभार जताया।
जगदलपुर से गांधी नाग की रिपोर्ट।





