संदीप मौर्य✍️
कटनी। यातायात नियमों को ताक पर रखकर मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने का सिलसिला सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। ऐसा ही एक मामला मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास सामने आया, जहां कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक छोटा हाथी लोडर वाहन में करीब 15 महिला, पुरुष और बच्चों को ठसाठस भरा हुआ पकड़ा। वाहन में सवारियों के साथ बड़ी-बड़ी बोरियों में सामान भी लदा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन क्रमांक MP 21 L 1620 को रोककर जांच की गई। वाहन की स्थिति देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। माल ढोने के लिए बने लोडर में क्षमता और सुरक्षा की परवाह किए बिना महिला, पुरुषों और बच्चों को बैठाया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी सवारियों को सुरक्षित नीचे उतरवाया।
जांच के दौरान चालक वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। मालवाहक वाहन में अवैध रूप से सवारियां ढोने और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 एवं 130(3)/177 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। वाहन को सुरक्षार्थ थाना कोतवाली में खड़ा कराया गया तथा प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
एसपी के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, विशेषकर शराब पीकर वाहन चलाने और मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।





