संदीप मौर्य✍️
कटनी/बिचुआ-तेवरी। बाल दिवस के अवसर पर ज्ञान मंगलम पब्लिक स्कूल, बिचुआ-तेवरी में स्कूली बच्चों के उत्साह, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का शानदार प्रदर्शन करते हुए विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल और प्रदर्शनी स्टॉल लगाए।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने प्रदूषण, ज्वालामुखी, जल बचाओ, हरित क्रांति और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रत्येक स्टॉल पर बच्चों ने विषय से संबंधित जानकारी देते हुए अतिथियों को उसके कारण, प्रभाव और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया। बच्चों ने सरल और रोचक तरीके से यह बताने का प्रयास किया कि पर्यावरण प्रदूषण किस प्रकार मानव जीवन को प्रभावित करता है तथा जल संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देना भविष्य के लिए कितना आवश्यक है।
ज्वालामुखी के मॉडल के माध्यम से प्राकृतिक घटनाओं और उनके प्रभावों को प्रदर्शित किया गया, वहीं जल बचाओ और हरित क्रांति से जुड़े मॉडल के जरिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि विकास का संदेश दिया गया। ग्रामीण विकास की प्रदर्शनी में गांवों को आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाने की परिकल्पना प्रस्तुत की गई। बच्चों की प्रस्तुति में विषयों की समझ के साथ-साथ उनकी मेहनत और सीखने की ललक भी स्पष्ट दिखाई दी।
विज्ञान के साथ व्यवसायिक कौशल का भी मिला पाठ
इस आयोजन की एक खास पहल बच्चों द्वारा लगाए गए हल्के नाश्ते के स्टॉल रहे। विद्यार्थियों ने स्वयं स्टॉल लगाकर नाश्ते का विक्रय किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान, संवाद कौशल, टीम भावना और व्यवसायिक गतिविधियों की प्रारंभिक समझ विकसित करने का अवसर मिला। अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने बच्चों के स्टॉल से नाश्ता खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया।
बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच, अतिथियों ने सराहा
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे अतिथियों ने विद्यार्थियों से उनके मॉडल के संबंध में सवाल पूछे और बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उनके जवाब दिए। अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मकता, मेहनत और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





