संदीप मौर्य✍️
कटनी। शहर की सड़कों पर मनमानी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, रॉन्ग साइड से आवाजाही और सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन वाहन जप्त किए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन के 16 मामलों में चालानी कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। बिलहरी नाका सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों की जांच की गई। इस दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए तीन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर उनके वाहन जप्त किए गए।
वहीं ओवरलोडिंग के मामले में धारा 113/194(1) के तहत एक अन्य वाहन को जप्त किया गया। पुलिस की कार्रवाई केवल चेकिंग प्वाइंट तक सीमित नहीं रही। चांडक चौक, मिशन चौक, आजाद चौक, गर्ग चौराहा और राष्ट्रीय तिलक कॉलेज के आसपास रॉन्ग साइड से वाहन चलाने, सड़क पर बेतरतीब पार्किंग करने तथा सार्वजनिक मार्गों पर लोडिंग-अनलोडिंग कर यातायात बाधित करने वालों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।
इन वाहनों पर हुई कार्रवाई
ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में वाहन क्रमांक MP-21-ZG-2321, MP-20-ZG-1828 एवं MP-21-ZA-2051 जप्त किए गए। वहीं ओवरलोडिंग के मामले में MP-20-XF-8509 को जप्त किया गया। विभिन्न यातायात अनियमितताओं पर कुल 16 चालानी कार्रवाई की गईं।
अभियान में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, उप निरीक्षक राजकुमार झारिया, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह सहित यातायात पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, क्षमता से अधिक भार नहीं ले जाने, रॉन्ग साइड से बचने तथा सार्वजनिक सड़कों पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।





