मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं और अनुभव सुने। इसके साथ ही फतेहपुर में 1277 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने शेखावाटी में यमुना के पानी का दशकों पुराना इंतजार जल्द खत्म होने की बात कही।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 2 अक्टूबर को शासन सचिवालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान सचिवालय परिसर में आयोजित राम धुन कार्यक्रम में ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य भजनों का श्रवण किया।
इसके बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने राम धुन की प्रस्तुति दी।
वहीं 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास पर वरिष्ठजनों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और वरिष्ठजनों का अनुभव मिलकर मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को समाज की अमूल्य धरोहर बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 91 लाख से अधिक जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान वृद्धावस्था पेंशन के 50 लाख 94 हजार 831 लाभार्थियों को 684 करोड़ 21 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। वरिष्ठजनों को शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा लाभार्थियों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
इसी क्रम में फतेहपुर में मुख्यमंत्री ने चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिलों के लिए 1277 करोड़ रुपये से अधिक के 83 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ऊर्जा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण, पशुपालन और पेयजल सहित कई विभागों के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी में यमुना के पानी का दशकों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली यमुना जल परियोजना के तहत हथिनीकुंड बैराज से सीकर, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों तक पाइपलाइनों के जरिए पेयजल पहुंचाया जाएगा। हंसियावास में 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कृत्रिम जलाशय का शिलान्यास भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों और वार्डों के विकास, रोजगार, आवास, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 3 लाख 82 हजार आवास पूरे हो चुके हैं, जबकि 4 लाख 53 हजार आवास निर्माणाधीन हैं। वहीं युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में अटल ज्ञान केंद्रों के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।





