संदीप मौर्य✍️
कटनी। शहर में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब चोर दुकानों की दीवार तोड़कर लाखों की वारदात को अंजाम देने से भी नहीं चूक रहे। कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्त सब्जी मंडी इलाके में अज्ञात चोरों ने शंकर इलेक्ट्रिकल्स को निशाना बनाते हुए करीब 3 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोर दुकान की अंदरूनी दीवार तोड़कर दाखिल हुए और गल्ले में रखी 2 लाख रुपये की नकदी के साथ कीमती इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार बिलैया तलैया स्थित बजाज बैग हाउस के पास सब्जी मंडी की गली में शंकर इलेक्ट्रिकल्स नाम से एलईडी टीवी रिपेयरिंग की दुकान संचालित है। दुकान का संचालन शंकर यादव और उनके बेटे समीर यादव करते हैं। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर दोनों घर चले गए थे। रविवार को साप्ताहिक बंदी के चलते दुकान बंद रही। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जब दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की दीवार टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 2 लाख रुपये गायब मिले। इसके अलावा एलईडी टीवी की आईसी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स भी चोरी मिले, जिनकी कीमत करीब 80 से 90 हजार रुपये बताई गई है कृष्णा ज्वेलर्स के बाद दूसरी बड़ी वारदात, निगरानी व्यवस्था पर सवाल
शहर में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कृष्णा ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी के बाद अब सब्जी मंडी जैसे व्यस्त इलाके में दुकान की दीवार तोड़कर लाखों की चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त और बाजार क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि चोरों को वारदात को अंजाम देने का इतना समय कैसे मिल गया? क्या संवेदनशील बाजार क्षेत्रों में पुलिस की नियमित गश्त पर्याप्त है? लगातार सामने आ रही घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ना स्वाभाविक है।
सीसीटीवी फुटेज के भरोसे जांच, व्यापारियों को सुरक्षा का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
अब व्यापारियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। जरूरत केवल चोरी की वारदात दर्ज कर जांच आगे बढ़ाने की नहीं, बल्कि बाजार क्षेत्रों में प्रभावी गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने की भी है। सवाल साफ है—आखिर शहर के व्यापारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन सुनिश्चित करेगा?





