गंगा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में फिर दहशत
आशापुर जाड़े का पुरवा संपर्क मार्ग कटा, पानी से निकलने को मजबूर ग्रामीण
फतेहपुर यूपी । विकास खण्ड मलवां में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर गंगा व पांडू नदी के तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल पैदा हो गई है । जलस्तर बढ़ने से आशापुर जाड़े का पुरवा संपर्क मार्ग पानी के बहाव में कट गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पानी के बीच बहाव से निकलने को मजबूर हैं ।
ग्रामीणों का आरोप है कि संपर्क मार्ग पर पानी भरने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है । इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है ।
मामले की जानकारी मिलने पर आशापुर ग्राम प्रधान ओम नारायण कश्यप और अभयपुर ग्राम प्रधान रामदास निषाद मौके पर पहुंचे । दोनों ग्राम प्रधानों ने स्थिति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया । ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था बहाल कराने और प्रभावित संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है । बिंदकी से नीलकमल की रिपोर्ट ।





