संदीप मौर्य ✍️
कटनी/स्लीमनाबाद। पालीवाल मार्बल माइंस में क्रेन ऑपरेटर इनोद कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने अब गंभीर रूप ले लिया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। न्याय की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते आंदोलन में तब्दील हो गया। पहले थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया गया और फिर नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया गया। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
थाने से हाईवे तक गूंजा आक्रोश, सड़क पर शव रखकर जताया विरोध क्रेन ऑपरेटर की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सबसे पहले थाने के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे पर पहुंचकर शव के साथ चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो गया। हालात को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप, FIR दर्ज करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने पालीवाल मार्बल माइंस प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग उठाई है। परिजनों का आरोप है कि रात में हुई घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई और पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया गया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
मुआवजे के बिना अंतिम निर्णय नहीं!
परिजनों की प्रमुख मांग है कि जिम्मेदार कंपनी प्रबंधन के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए और मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा एवं सहायता प्रदान की जाए। मौके पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं।





