संदीप मौर्य✍️
कटनी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। झिंझरी चौकी पुलिस ने घेराबंदी और पीछा करने के बाद बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। हालांकि, पुलिस की सक्रियता देखकर कार चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार सहित करीब 12 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
उमरिया से जबलपुर की ओर जा रही थी कार
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर को झिंझरी चौकी स्टाफ को सूचना मिली थी कि बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में गांजा लेकर उमरिया की तरफ से जबलपुर की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस की दो टीमें सक्रिय कर संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया गया।
पुलिस से बचने के प्रयास में चालक ने कार तेज रफ्तार से भगाई और जीएसटी कार्यालय के पास से वाहन को बड़ांगांव रोड की ओर मोड़ दिया। फॉरेस्ट स्मृति वन के सामने चालक कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
कार के भीतर मिले गांजे के 50 पैकेट
वाहन की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। इस दौरान कार के अंदर गांजे के 50 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट का वजन एक किलोग्राम पाया गया। इस तरह कुल 50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। गांजे और वाहन की कुल जब्ती करीब 12 लाख रुपये की बताई गई है। मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार चालक एवं अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
इन अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी एवं माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में झिंझरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सउनि सतीश भगत, सउनि शशिभूषण सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, पंकज त्रिपाठी तथा आरक्षक संजय यादव, सौरभ कुमार एवं चन्द्रकमल पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





