मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कोटा दौरा, भाजपा कार्यालय का निरीक्षण और कार्यकर्ता संवाद
कोटा, 29 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को कोटा पहुंचे। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद उनका पहला कार्यक्रम 80 फीट रोड स्थित निर्माणाधीन भाजपा जिला कार्यालय में हुआ। यहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत-अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कार्यालय का अवलोकन कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। यह कार्यक्रम हालिया नगर निकाय चुनावों में भाजपा की सफलता के बाद आयोजित किया गया था।
इसके बाद मुख्यमंत्री नया नोहरा स्थित एलन सुपथ के कोरल पार्क परिसर के सुहास सभागार पहुंचे, जहां कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों, नवनिर्वाचित पार्षदों और कार्यकर्ताओं के संवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा और लाडपुरा विधायक कल्पना देवी सहित पार्टी के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। बूंदी भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा तथा बूंदी नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति भरत कुमार शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के बाद संगठन को मजबूत करने तथा आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया और सरकार के संकल्प-पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे होने का दावा किया।





