भितरवार में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, दो डेयरी और किराना स्टोर से लिए सैंपल
टीम के पहुंचते ही दुकानदारों में मचा हड़कंप, कई दुकानदार दुकानें बंद कर हुए रफूचक्कर
भितरवार। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की टीम ने भितरवार क्षेत्र में अचानक कार्रवाई करते हुए दो दूध डेयरियों और एक किराना स्टोर का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के नगर में पहुंचते ही कई दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। कुछ दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।
जैन दूध डेयरी से पनीर, दही और घी के सैंपल
खाद्य सुरक्षा टीम ने जैन दूध डेयरी का निरीक्षण किया। यहां से पनीर, दही और घी के सैंपल जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य तरल खाद्य पदार्थ पाए गए। टीम ने मौके पर ही एक्सपायरी सामग्री को नष्ट कराया।
न्यू श्रीराम दूध डेयरी से दूध, घी और दही के नमूने
इसके बाद टीम ने न्यू श्रीराम दूध डेयरी, सासन का निरीक्षण किया। यहां से दूध, घी और दही के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
जैन किराना स्टोर से खाद्य तेल का सैंपल
वहीं जैन किराना स्टोर, सासन पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची। टीम ने यहां से खाद्य तेल का सैंपल जांच के लिए लिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी सैंपलों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की टीम में गिरीश राजोरिया, गोविंद सरगैया, सतीश शर्मा और सतीश धाकड़ शामिल रहे।





