देवास की विश्व प्रसिद्ध माता टेकरी पर शारदीय नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व में देशभर से लाखों श्रद्धालु मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दर्शन के लिए देवास पहुंचते है। श्रद्धालुओं की भीड़ और व्यवस्थाओं को लेकर आज नगर निगम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
विधायक गायत्री राजे पवार की मौजूदगी में कलेक्टर ऋतुराज सिंह, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, निगमायुक्त दलीप कुमार सहित प्रशासन, पुलिस और निगम के अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में माता टेकरी पर श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। नवरात्रि के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को पहले से पुख्ता करने पर जोर दिया गया।
विधायक गायत्री राजे पवार ने ग्यारस के चल समारोह में महाकाल की सवारी की तर्ज पर दोनों माताओं को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देने का सुझाव दिया। साथ ही टेकरी के परिक्रमा मार्ग में आने वाले छोटे मंदिरों को भी नवरात्रि के दौरान खुले रखने की बात रखी गई। बैठक में पिछले नवरात्रि के दौरान चर्चा में रहे फ्लेक्स के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। समितियों और स्वागतकर्ताओं से नियमों के अनुसार ही फ्लेक्स लगाने की अपील की गई। प्रशासन का फोकस इस बार नवरात्रि में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराने के साथ यातायात और भीड़ व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर है।






