एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर जय मीणा ने रचा इतिहास
सॉफ्टटेनिस में भारत को मिला पहला पदक, देवास पहुंचने पर भव्य स्वागत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दी थी बधाई
देवास।
आईची-नागोया, जापान में चल रहे 20वें एशियन गेम्स में देवास के युवा सॉफ्टटेनिस खिलाड़ी जय मीणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को सॉफ्टटेनिस के इतिहास का पहला एशियन गेम्स पदक दिलाया। जय मीणा ने कांस्य पदक जीतकर न केवल देवास बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई दी थी।
सॉफ्टटेनिस कोच गौरव कदम ने बताया कि जय मीणा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सोमवार को शहर के जवाहर चौक से सयाजी द्वार तक स्वागत जुलूस निकाला गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जय मीणा का स्वागत किया। प्रेस वार्ता में बताया गया कि देवास लौटने पर जय मीणा एवं भारतीय सॉफ्टटेनिस टीम के कोच तथा विश्वामित्र अवार्डी सुदेश सांगते के सम्मान में भव्य स्वागत रैली निकाली गई। इसमें खेलप्रेमी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और शहरवासी शामिल होंगे।
जय मीणा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, माता-पिता और भारत सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि यह पदक उनके लिए ही नहीं, बल्कि देवास और देश के लिए गौरव का क्षण है।
बताया गया कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारत की ओर से सॉफ्टटेनिस के 6 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 3 खिलाड़ी देवास के हैं। छोटे से शहर के खिलाड़ियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना देवास के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।






