कबड्डी में सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, प्रिया का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
मनावर में सांदीपनि विद्यालय मनावर की अंडर-19 बालिका कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पश्चिम क्षेत्र स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं मनावर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होकर विद्यालय की दो छात्राएं ललिता चेनसिंग जर्मन एवं प्रिया जगदीश आचाले, दोनों कक्षा 11वीं, ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं के शानदार प्रदर्शन के चलते उनका चयन पश्चिम क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
पश्चिम क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रिया जगदीश आचाले के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन आगामी विभागीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
इस उपलब्धि पर खरगोन लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मुन्नालाल ठाकुर सर ने भी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सोहन शिंदे एवं समस्त स्टाफ ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
छात्राओं की सफलता में विद्यालय के पीटीआई श्री मनीष द्विवेदी की मेहनत, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी मेहनत रंग लाई और छात्राओं ने कबड्डी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।






