संदीप मौर्य✍️
कटनी। माधवनगर में जुए के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रॉबर्ट लाइन क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से 25,900 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते जब्त किए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि माधवनगर थाना क्षेत्र के रॉबर्ट लाइन में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को पकड़ा गया और नकदी सहित ताश के पत्ते बरामद किए गए।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सुनील मूलजानी (46), निवासी हॉस्पिटल लाइन, माधवनगर; वीरेन्द्र नामदेव (44), निवासी खैबर लाइन, माधवनगर; और राजेश लखानी (44), निवासी समदड़िया कॉलोनी, माधवनगर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) अनिमेश द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक अजित सिंह तथा आरक्षक मणि सिंह, लोकेन्द्र सिंह, अर्जुन सिंह, रणविजय यादव और नवीन शुक्ला शामिल रहे।





