पलेरा नगर में ‘दो कंबल वाले बाबा’ का निशुल्क आरोग्य शिविर
बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग
टीकमगढ़ जिले के पलेरा नगर में शिव-पार्वती मैरिज गार्डन में गुजरात के सुरेंद्रनगर निवासी गणेश यादव, जिन्हें ‘दो कंबल वाले बाबा’ के नाम से जाना जाता है, का सात दिवसीय निशुल्क आरोग्य शिविर पलेरा नगर में आयोजित किया गया है। शिविर में पलेरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान लोग पहुंच रहे हैं।बताया जा रहा है कि गणेश यादव अपने साथ दो कंबल रखते हैं और इनके माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां दूर करने का दावा करते हैं। शिविर में हड्डियों से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ बीपी, शुगर, लकवा, नसों में ब्लॉकेज, नसों में सुन्नपन, गठिया, पोलियो सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में राहत देने का दावा किया जा रहा है।आयोजकों के अनुसार शिविर में किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। सुबह से ही शिव-पार्वती मैरिज गार्डन में लोगों की आवाजाही बनी हुई है। बड़ी संख्या में बुजुर्ग और महिलाएं अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर शिविर में पहुंच रहे हैं।
गणेश यादव का कहना है कि उन्हें माता का आशीर्वाद प्राप्त है और कंबल के माध्यम से लोगों की परेशानियां दूर होती हैं। उनका दावा है कि वे करीब चार वर्ष की उम्र से इस तरह के निशुल्क आरोग्य शिविर लगाते आ रहे हैं और देश के अलग-अलग शहरों में शिविर आयोजित करते हैं।फिलहाल पलेरा में आयोजित यह निशुल्क आरोग्य शिविर नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है और शिविर में लोगों की भीड़ लगातार पहुंच रही है।






