संदीप मौर्य✍️
कटनी। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं वर्षी मेले को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने और नागरिकों को बेहतर स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विसर्जन स्थलों पर रहे पर्याप्त सफाई अमला
महापौर ने विसर्जन स्थलों, चलित एवं कृत्रिम विसर्जन कुंडों तथा आसपास के क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने आयोजन के दौरान पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
वर्षी मेले में मूलभूत सुविधाओं पर जोर
वर्षी मेले के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए महापौर ने स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, कचरा संग्रहण, डस्टबिन और नियमित सफाई की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा। मेला क्षेत्र और आसपास के प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
पूजा स्पेशल वाहन में दें निर्माल्य
महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से अपील की कि पूजन सामग्री और निर्माल्य को खुले में अथवा जलस्रोतों में न डालें। निगम द्वारा संचालित पूजा स्पेशल वाहन में ही निर्माल्य देने की अपील करते हुए उन्होंने संबंधित अमले को वाहन के नियमित संचालन और निर्धारित क्षेत्रों से समय पर पूजन सामग्री के संकलन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कीटनाशी छिड़काव और मच्छर नियंत्रण पर विशेष ध्यान
बैठक में शहर में कीटनाशी एवं मच्छररोधी दवा के छिड़काव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। महापौर ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर नियमित छिड़काव कराने तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी अमले को सक्रिय रखते हुए छिड़काव कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा।
आवारा मवेशियों पर भी रहे नजर
प्रमुख मार्गों, जुलूस मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आवारा मवेशियों की समस्या के नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।





