पट्टे की जमीन पर दबंगों के कब्जे का आरोप, आदिवासी समाज ने किया भितरवार थाने का घेराव
भूमिहीनों को मिले सरकारी पट्टों पर कब्जे का आरोप, हथियार दिखाकर धमकाने और जमीन पर JCB-ट्रैक्टर चलाने के लगाए गंभीर आरोप
भितरवार। ग्राम पंचायत विजकपुर एवं ग्राम पंचायत भैंसनारी में अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के भूमिहीन लोगों को शासन द्वारा वर्षों पहले दिए गए पट्टों की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि वर्ष 1998 तथा 2002-03 के दौरान शासन द्वारा भूमिहीन आदिवासी एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को दिए गए पट्टों पर अन्य वर्ग के दबंग लोगों ने कथित रूप से कब्जा कर लिया है।
मामले को लेकर आरोप लगाए गए हैं कि आदिवासी समाज के लोगों को अवैध हथियार दिखाकर डराया-धमकाया जा रहा है तथा उनकी जमीनों पर ट्रैक्टर और JCB चलाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ताओं ने जान से मारने और घरों में आग लगाने तक की धमकियां दिए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इन आरोपों और जमीन संबंधी विवाद को लेकर 21 सितंबर 2026 को भितरवार थाने का घेराव किया गया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच तथा पट्टे की जमीनों को कब्जामुक्त कराने की मांग उठाई।
दीपक खरे, प्रदेश उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग एवं प्रभारी अनुसूचित जाति विभाग, कांग्रेस जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश ने कहा कि आदिवासी एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को शासन द्वारा दिए गए पट्टों की जमीन पर यदि अवैध कब्जे हुए हैं तो प्रशासन को मामले की जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए। साथ ही धमकी और अवैध हथियारों से डराने के आरोपों की भी गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।






