संदीप मौर्य ✍️
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत निवार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में निवार चौकी पुलिस ने ग्राम बिछिया में दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 सितंबर 2026 को निवार पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बिछिया स्थित रंगमंच के पास कुछ लोग ताश-पत्तों पर दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस बल ने दबिश देकर मौके से छह जुआरियों को धर दबोचा।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई:
पकड़े गए आरोपियों में जितेंद्र सिंह, प्रदीप कोल, शिवम बर्मन, शिवकुमार कोल, संजीत सोनी एवं ललित कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3,170 रुपये नगद एवं ताश के पत्ते जब्त किए हैं। वहीं जुआ खिलवाने वाला मुख्य आरोपी बिछिया निवासी मोनू उर्फ प्रदीप बर्मन मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम एवं 49 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्र, सहायक उपनिरीक्षक राजेश कोरी, गौरव सेन, अरविंद कुशवाहा सहित अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





