कटनी। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 3000 नशीली नाइट्राजेपाम गोलियां बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। जब्त नशीली गोलियों की कीमत करीब 13 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZK 0921 भी जब्त की है।
पुलिस को देखकर भागने लगे संदिग्ध
पुलिस के अनुसार 19-20 सितंबर की दरमियानी रात माधवनगर पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सुरम्य पार्क के आगे अमकुही पहाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने संदेह के आधार पर उन्हें रोककर पूछताछ की।
मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम सचिन बर्मन पिता ओमप्रकाश बर्मन, उम्र 22 वर्ष, निवासी हिरवारा, थाना एनकेजे तथा पीछे बैठे युवक ने रितिक केवट पिता कंधीलाल केवट, उम्र 21 वर्ष, निवासी बिरहनी फाटक, थाना कोतवाली, कटनी बताया।
थैले की तलाशी में मिलीं हजारों गोलियां
पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल पर रखे थैले के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। संदेह के आधार पर थैले की तलाशी ली गई तो उसमें NITRAZEPAM TABLETS I.P. NITZASCEN-10 लिखी नशीली गोलियां बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक थैले में कुल 10 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट में 6 पत्ते, प्रत्येक पत्ते में 5 स्ट्रिप और प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं। इस तरह कुल 3000 नाइट्राजेपाम गोलियां बरामद की गईं। बरामद गोलियों की कीमत करीब ₹13,500 आंकी गई है।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ में सचिन बर्मन द्वारा उक्त नशीली गोलियां रोहित रावलानी निवासी बंगला लाइन से मिलने की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा नशीली दवाओं से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने मामले में रोहित नानकानी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि रोहित रावलानी निवासी माधवनगर फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
माधवनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने नशीली गोलियों के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी विधिवत जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड (पीआर) लेने की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में सउनि वहाब खान, प्रधान आरक्षक कमलेश बैरागी, श्रीकांत सेन, पवन सिंह, विनोद विश्वकर्मा, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह एवं संजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





