खेल-खेल में सीखने की तकनीकों से सशक्त होंगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
भरतपुर, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) को प्रभावी एवं बाल-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग, रॉकेट लर्निंग संस्था एवं समेकित बाल विकास सेवा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को रूपवास ब्लॉक के पहाड़पुर सेक्टर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्रथम चरण का तीन घंटे का क्षमता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
आईसीडीएस उप निदेशक सिकरामाराम चोयल ने बताया कि जिला समन्वयक प्राची चौधरी एवं सुपरवाइजर कमलेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में 25 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण में खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, बाल मनोविज्ञान, भाषा एवं संज्ञानात्मक विकास तथा विद्यालय पूर्व शिक्षा की प्रभावी तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कागज के गिलासों से टावर बनाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के प्रारंभिक वर्षों को मजबूत नींव के रूप में समझाया गया। साथ ही खाद्य पदार्थों के चित्रों एवं वास्तविक सामग्री के माध्यम से अनुभव आधारित अधिगम की गतिविधियां कराई गईं।
कार्यकर्ताओं को बच्चों को देखने, छूने, महसूस करने, बोलने, प्रश्न पूछने और स्वयं गतिविधियों में भाग लेने के अवसर देने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रत्येक बच्चे की सीखने की गति एवं रुचि के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्रों पर आनंददायक और बाल-अनुकूल वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में सुमन कुमारी, विनीता, राजकुमारी, रचना, संगीता, सुमन देवी, बबली, सरोज, राजन देवी, बबीता, सुमनलता एवं निर्मला देवी सहित कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।





