संदीप मौर्य✍️
कटनी। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कटनी दौरे के दौरान प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने जहरीली शराब से मौतों पर आबकारी मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग की, वहीं कटनी में खनन माफिया के कथित प्रभाव और भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल उठाए।
पटवारी के कटनी पहुंचने पर पीर बाबा बायपास के पास जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मीडिया से चर्चा में पटवारी ने ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस के संघर्ष की बात कही। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में प्रस्तावित महारैली का भी उल्लेख किया।
जहरीली शराब से मौतों पर पटवारी ने सरकार को घेरते हुए पूछा कि ऐसी घटनाओं के बाद भी आबकारी मंत्री की जवाबदेही क्यों तय नहीं की जा रही है। उन्होंने मामले में सरकार से जवाब मांगा।
कटनी में खनन माफिया के प्रभाव और भ्रष्टाचार को लेकर भी पटवारी ने आरोप लगाए। उन्होंने इन मुद्दों पर सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। उनके दौरे के दौरान स्थानीय समस्याओं और प्रदेश की राजनीति से जुड़े मुद्दे चर्चा में रहे।





