चंदाना के विनोद जायसवाल सहित 10 आरोपी गिरफ्तार, 7.25 लाख का मश्रुका जब्त
वरना कार से मिली देशी शराब की 6 पेटियां, 10 मोबाइल और 10 हजार रुपए नकद भी जब्त
देवास।
चंदाना गांव में दो लोगों की मौत के मामले की जांच के दौरान सामने आए अवैध शराब कारोबार में देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चंदाना निवासी विनोद जायसवाल सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 15 और 18 अक्टूबर को ग्राम चंदाना में दो लोगों की मौत हुई थी। मर्ग जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और अन्य लोगों ने विनोद जायसवाल द्वारा गांव में अवैध शराब बेचने की जानकारी दी थी। इसके बाद से विनोद फरार था।
26 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रताप नगर-अंबेडकर नगर क्षेत्र में नाकाबंदी कर सफेद वरना कार को रोका। कार में विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा सवार थे। तलाशी में कार की डिक्की से देशी शराब की 6 पेटियां मिलीं। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई की और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 54 लीटर देशी शराब, एक वरना कार, 10 मोबाइल फोन और 10 हजार रुपए नकद सहित कुल करीब 7 लाख 25 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।





