संदीप मौर्य✍️
कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के पीछे स्थित बाड़ी से 32 नग हरे गांजा के पौधे, जिनका कुल वजन करीब 21 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 2 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
इसी अभियान के तहत 15 सितंबर 2026 को बड़वारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम देवरी हटाई के यादव मोहल्ला निवासी रामकुमार यादव ने अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में गांजे के पौधे लगा रखे हैं।
सूचना की तस्दीक के लिए थाना बड़वारा से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान रामकुमार यादव पिता स्व. मद्धा यादव, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम देवरीहटाई, थाना बड़वारा के घर के पीछे की बाड़ी में गांजे के हरे पौधे पाए गए।
32 पौधे और 21 किलो गांजा जब्त
पुलिस ने मौके पर गवाहों की मौजूदगी में विधिवत कार्रवाई करते हुए बाड़ी से 32 नग हरे गांजा के पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन लगभग 21 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत 2,04,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही विशेष भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णुशंकर जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, प्रधान आरक्षक नितेश डोगरे, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य कमलेश निषाद की विशेष भूमिका रही।





