भोजपुर में फर्जी लूट का खुलासा, 5 लाख कैश और सोने के आभूषण बरामद मुरादाबाद। भोजपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने लूट की फर्जी सूचना देकर लाखों रुपये और सोना हड़पने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में शंकर, मनीष और हर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये नकद, 3 सोने के हार, एक माथे का टीका, दो सफेद धातु के आभूषण और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। बरामद सोने का कुल वजन करीब 104.21 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित के 5.60 लाख रुपये नकद और 107.21 ग्राम 18 कैरेट सोने को लेकर उसके नौकर द्वारा फर्जी लूट की सूचना दी गई थी। जांच में मामला अमानत में खयानत का निकला। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।






