तेंदुआ टोल प्लाजा पर विवाद के बाद 50 हजार की लूट की सूचना से हड़कंप
वाहन स्वामी और टोल कर्मियों में बहस के बाद हाथापाई, शिकायतकर्ता ने उठाए सवाल
अमर प्रताप सिंह जिला ब्यूरो न्यूज़ इंडिया टीवी
गोरखपुर। तेंदुआ टोल प्लाजा पर रविवार रात वाहन निकालने को लेकर वाहन स्वामी और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद 50 हजार रुपये की कथित लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को तहरीर देकर लूट की सूचना को गलत बताते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की मांग की है।
बताया गया कि 13 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे टोल बैरियर पर वाहन निकालने को लेकर विवाद हुआ। मामला बढ़ने पर 112 नंबर पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता का कहना है कि बाद में 50 हजार रुपये की लूट की सूचना दी गई, जबकि सीसीटीवी फुटेज से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है।
इधर, तेंदुआ टोल प्लाजा मैनेजर दुर्गेश शुक्ला ने लूट या कैश चोरी की बात को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि वाहन स्वामी और टोल कर्मचारी के बीच बहस और हाथापाई हुई थी, लेकिन कोई कैश लूट या चोरी नहीं हुई। मैनेजर के मुताबिक टोल प्लाजा पर वर्तमान में कैश लेनदेन ही नहीं हो रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना की वास्तविकता सामने लाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।






