सड़क सुरक्षा को लेकर सांसद सड़क सुरक्षा समिति सख्त, यातायात सुधार और ब्लैक स्पॉट्स पर बनी रणनीति बस्तर जिले में सड़क हादसे रोकने और जगदलपुर शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए कलेक्टोरेट के आस्था हॉल में सांसद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता स्थानीय सांसद महेश कश्यप ने की। बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीण अंचलों में जन-जागरूकता पर जोर दिया गया। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि गांव-गांव में सोच और आदत बदलनी होगी। इसके लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी, हेलमेट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन बीमा के प्रति जागरूक करने, सड़क सुरक्षा सप्ताह में ग्रामीण शिविर लगाकर दस्तावेज बनवाने, ग्राम पंचायतों व हाट-बाजारों में हेलमेट की समझाइश और नेशनल हाईवे से लगे गांवों में आवारा मवेशियों के सींगों पर रेडियम पट्टी लगाने का निर्णय लिया गया। शहरी और शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा विभाग और यातायात पुलिस के समन्वय से स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता सत्र और पालक-शिक्षक बैठकों में नाबालिग बच्चों को तेज रफ्तार वाहन न देने की समझाइश दी जाएगी। शहर में यातायात सुधार के लिए मुख्य मार्गों पर ऑटो-टैक्सी के व्यवस्थित स्टैंड तय करने, अतिक्रमण हटाने, सड़कों किनारे लावारिस व मरम्मत के लिए खड़ी पुरानी गाड़ियों को जब्त करने के निर्देश दिए गए। बस्तर दशहरा और त्योहारी सीजन में भीड़ प्रबंधन के लिए पुराने बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट, चांदनी चौक और संजय मार्केट के पास खाली जगहों को पार्किंग के रूप में विकसित करने और रूट डायवर्जन योजना लागू करने पर सहमति बनी। साथ ही लेन मार्किंग, प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल व एलईडी संदेश बोर्ड और मारेंगा बाईपास व आड़ावाल मोड़ पर भारी वाहनों के लिए दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि रायपुर व विशाखापट्टनम जाने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश न करें। दुर्घटना आंकड़ों की समीक्षा में दोपहिया की तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाना मुख्य कारण बताया गया। इस पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चालानी व लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई होगी। आमागुड़ा चौक, पुराना पुल-आसना मार्ग, गीदम रोड और पण्डरीपानी सहित सभी ब्लैक स्पॉट्स पर रंबल स्ट्रिप्स, कैट्स आई, रेडियम संकेतक, झाड़ियों की छंटाई तथा शहर की सीमा से डिमरापाल मेडिकल कॉलेज तक व डार्क पैचेस पर स्ट्रीट व सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। अंत में सांसद महेश कश्यप और कलेक्टर आकाश छिकारा ने राष्ट्रीय राजमार्ग और संबंधित निर्माण एजेंसियों को तय सुधार कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, आरटीओ डीसी बंजारे सहित NHAI, PWD, नगर निगम, परिवहन, शिक्षा और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।






