माँ नर्मदा के पावन तट से गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष
श्रावण माह के चतुर्थ सोमवार पर गांगली घाट से निकली माँ गंगा कावड़ यात्रा, करोदिया पहुंचकर भगवान महादेव का किया जलाभिषेक
श्रावण माह के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर क्षेत्र में भगवान शिव की भक्ति का उल्लास देखने को मिला। सुबह से ही कावड़ यात्रियों द्वारा माँ नर्मदा के पावन जल को कावड़ में लेकर भगवान महादेव के जलाभिषेक के लिए अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया गया। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और माँ नर्मदा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी माँ गंगा कावड़ यात्रा का आयोजन माँ नर्मदा के पावन तट गांगली घाट से किया गया। यात्रा का शुभारंभ मनावर जनपद अध्यक्ष श्रीमती रुकमा रवि मुवेल द्वारा विधि-विधानपूर्वक माँ नर्मदा जी की पूजा-अर्चना कर किया गया। इस दौरान कावड़ यात्रियों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ माँ नर्मदा का पूजन कर यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की।
कावड़ यात्रा के माध्यम से देश एवं प्रदेश के अन्नदाता किसानों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की गई। श्रद्धालु माँ नर्मदा के पावन जल से सजी कावड़ लेकर गांगली घाट से करोदिया के लिए रवाना हुए।
करोदिया पहुंचने के बाद कावड़ यात्रियों द्वारा भगवान महादेव का माँ नर्मदा के पवित्र जल से जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की कावड़ यात्रा का आजदिकोट में ग्राम वासियों ने एवं भाजपा ग्रामीण मंडल सिंघाना द्वारा कावड़ यात्रा का पुष्प वर्षा पर स्वागत किया गया इस कावड़ यात्रा में सिंघाना मंडल अध्यक्ष प्रकाश पांडे , भाजपा ग्रामीण जिला प्रभारी विजय राठौर, भगवान मुकाती, विनोद सरगरा बबलू सेगर, महेंद्र कोवचे, बबन कुशवाह , राकेश बरफा सन्नी राठौर , जगदीश सरपंच, दीपेश बिल्लौर आदी सम्मिलित हुए
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। “माँ नर्मदा की जय-जयकार, हर खेत-खलिहान में खुशहाली अपार” की भावना के साथ किसानों और क्षेत्रवासियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
श्रावण माह में आयोजित इस धार्मिक यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग दिया। कावड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।






