देवास में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में मंडूक पुष्कर धरना स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया। यह प्रदर्शन दिल्ली में राहुल गांधी द्वारा किए गए धरने के समर्थन में किया गया।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों जेएनयू के छात्रों ने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन किया था। आरोप है कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया और एयर गन का भी उपयोग हुआ, जिससे कई छात्र घायल हो गए। इसी दौरान साहिल लचक नामक छात्र की आंख में गंभीर चोट लगने की बात भी सामने आई।
बताया गया कि राहुल गांधी इस मामले को लेकर न्याय की मांग करते हुए छात्र को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने पर वे धरने पर बैठ गए। इसी के समर्थन में देवास में भी कांग्रेस कार्यकर्ता मंडूक पुष्कर धरना स्थल पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, राहुल गांधी द्वारा धरना समाप्त किए जाने के बाद देवास में कांग्रेस ने भी अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।





