ऑटो वर्कशॉप में एयर टैंक फटा, 26 वर्षीय युवक की मौत
कुछ महीने पहले हुई थी शादी, नवजात बेटी के सिर से उठा पिता का साया
अनूपपुर। श्रमिक नगर बस स्टैंड स्थित एक ऑटो वर्कशॉप में बुधवार को एयर प्रेशर टैंक फटने से हुए हादसे में 26 वर्षीय प्रिंस साहू की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि उसकी चपेट में आने से प्रिंस के सिर में गंभीर चोट लगी। साथियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। प्रिंस की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी और हाल ही में उनके घर बेटी का जन्म हुआ था। मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में माता-पिता, छोटा भाई, बहन, पत्नी और नवजात बेटी हैं। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में इस तरह का हादसा पहली बार सामने आया है। घटना के बाद ऑटो वर्कशॉप और गैरेजों में इस्तेमाल होने वाले एयर प्रेशर टैंकों की सुरक्षा और नियमित जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का मानना है कि समय पर सुरक्षा मानकों का पालन और उपकरणों की जांच होती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बरती गई।




