इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक ट्रेनी फॉरेस्ट रेंजर के खिलाफ युवती से दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी अजय सोलंकी को महाराष्ट्र के ट्रेनिंग सेंटर से बुलाकर गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार करीब 10 महीने पहले दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जहां युवक ने शादी का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गया जैकी बाद युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद वह मिलने इंदौर पहुंचा था और उसे एक होटल में ले गया, जहां उसने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता ने जब इस संबंध में परिवार को जानकारी दी तो दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद पीड़िता ने आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी वन विभाग में ट्रेनी रेंजर है और वर्तमान में महाराष्ट्र में प्रशिक्षण ले रहा था, जहां से उसे इंदौर बुलाकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
