संदीप मौर्य✍️
कटनी। शहर के निमिया मोहल्ले में दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। परिवार धार्मिक दर्शन के लिए घर से निकला और इधर अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर ताले तोड़ दिए। घर लौटने पर परिजनों को सामान बिखरा मिला और अलमारियों से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी गायब थी। प्रारंभिक अनुमान में चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
कन्या भोज के बाद घर छोड़कर गया था परिवार
जानकारी के मुताबिक, निमिया मोहल्ला निवासी रत्नेश कुमार नेमा के यहां सोमवार को कन्या भोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य दोपहर करीब 12:15 बजे जालपा मढ़िया में दर्शन और प्रसाद चढ़ाने के लिए रवाना हुए। करीब सवा घंटे बाद, दोपहर 1:30 बजे जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के कमरों और अलमारियों तक के ताले टूटे मिले। घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर परिवार के सदस्य हैरान रह गए।
जेवरात और नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ
अज्ञात चोरों ने घर की अलमारियों को खंगालते हुए उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है, लेकिन वास्तविक नुकसान का आकलन और चोरी गए सामान का विवरण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
वारदात का पता चलते ही गृहस्वामी ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मकान के आसपास दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पहले से रेकी किए जाने की आशंका
परिवार की गैरमौजूदगी में कम समय के भीतर हुई चोरी से आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले मकान की रेकी की गई होगी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और चोरी गए सामान का पता लगाने में जुटी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने मोहल्ले में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है।




