संदीप मौर्य✍️
कटनी। सड़क हादसे के बाद जब घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा थी, तब कटनी पुलिस के दो जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रीय एकता दिवस की ड्यूटी से लौट रहे आरक्षक राजेंद्र मिश्रा और किशोर कापसे ने मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देकर पुलिस का मानवीय चेहरा सामने रखा।
कार और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्लीमनाबाद बायपास पर कार क्रमांक UP50CQ4025 और स्कूटी क्रमांक MP21ZH0955 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार रवि कुमार बघेल (25), पिता महेंद्र सिंह बघेल, निवासी थाना सेवढ़ा, जिला दतिया, वर्तमान निवासी स्लीमनाबाद तिराहा, पेट्रोल पंप के पास, गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घायल युवक सड़क किनारे पड़ा था। घटनास्थल पर लगभग 40 से 50 लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई थी। इसी दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस की ड्यूटी से लौट रहे पायलट वाहन में तैनात आरक्षक क्रमांक 515 राजेंद्र मिश्रा और आरक्षक क्रमांक 544 किशोर कापसे की नजर घायल युवक पर पड़ी।
बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया
घायल युवक की स्थिति को देखते हुए दोनों आरक्षकों ने तत्काल अपना वाहन रोका और मदद के लिए आगे आए। उन्होंने घायल को पायलट वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिली।
थाना स्लीमनाबाद पुलिस द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
वर्दी के साथ इंसानियत का भी फर्ज निभाया
पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता करना भी उनके कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आरक्षक राजेंद्र मिश्रा और किशोर कापसे की इस तत्परता ने इसी भावना को सामने रखा।
सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में पुलिस जवानों की त्वरित पहल सराहनीय है और समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश भी देती है।




