संदीप मौर्य✍️
कटनी। जिले में अवैध खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए बड़वारा तहसील के ग्राम पराईकाँप में मुरूम के अवैध उत्खनन का मामला पकड़ा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी कंपनी की एक्सकेवेटर (पोकलेन) मशीन जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने ग्राम पराईकाँप में अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मुरूम के अवैध उत्खनन से बना बड़ा गड्ढा दिखाई दिया। स्थल पर उत्खनन में इस्तेमाल होने वाली पोकलेन मशीन खड़ी मिली, लेकिन वहां कोई चालक या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऐसे में विभागीय टीम ने मशीन को लावारिस हालत में जब्त कर लिया।
रेमंड प्लांट परिसर में सुरक्षित रखी गई मशीन
जब्त मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से समीप स्थित रेमंड प्लांट परिसर में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने मामले में मध्यप्रदेश गौण खनिज नियमों और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
कार्रवाई में खनिज विभाग का अमला रहा मौजूद
इस कार्रवाई में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमलकांत परस्ते तथा खनिज निरीक्षक प्रज्ञा सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।
जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खनिज विभाग द्वारा निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। पराईकाँप में पोकलेन मशीन की जब्ती को इसी अभियान की एक कड़ी माना जा रहा है।




