एक बार फिर आपदा प्रबंधन के अग्रदूत बने सिविल डिफेंस के वॉलेंटियर्स
कूकस में 90 फीट गहरे सूखे कुएं में फंसे चार लोगों की बचाई जान
जयपुर जिले में नागरिक सुरक्षा विभाग के सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने एक बार फिर अपनी तत्परता, साहस और आपदा प्रबंधन कौशल का परिचय देते हुए कूकस क्षेत्र में 90 फीट गहरे सूखे कुएं में फंसे चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अमित शर्मा ने बताया कि दोपहर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम कूकस में एक पुरुष एवं एक महिला करीब 90 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गए हैं। उन्हें बाहर निकालने के प्रयास में दो अन्य व्यक्ति भी कुएं में उतरे, लेकिन वे भी नीचे जाकर फंस गए और वापस बाहर नहीं निकल सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीक्यूआरटी टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।कुएं की संरचना कच्ची होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन अत्यंत चुनौतीपूर्ण था। कुएं की दीवारों के धंसने की आशंका को देखते हुए टीम ने अत्यधिक सावधानी और तकनीकी सूझबूझ के साथ बचाव कार्य को अंजाम दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन में क्रेन की सहायता भी ली गई।
उपनियंत्रक श्री अमित शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू किए गए चार लोगों में से एक महिला और एक पुरुष की स्थिति गंभीर थी। दोनों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार प्रारंभ किया गया। वहीं अन्य दो व्यक्तियों को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।जयपुर जिले में नागरिक सुरक्षा एवं सिविल डिफेंस की टीमें पूर्व में भी विभिन्न दुर्घटनाओं एवं आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य संचालित कर अनेक लोगों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं।
घटना का सुपरविजन जिला कलेक्टर एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा द्वारा किया गया, जबकि एडीएम साउथ के मार्गदर्शन में राहत एवं बचाव कार्य को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अमित शर्मा के नेतृत्व में स्वयंसेवक आसिफ खान, साकिब, निक्की, अफजल, युवराज, लक्ष्मण सिंह सहित सिविल डिफेंस टीम के अन्य सदस्यों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।





