अखबार मालिकों और पत्रकारों के शोषण के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान
गोरखपुर मंडल में फेडरेशन का विस्तार, चार जिलों के अध्यक्ष- महामंत्री घोषित
गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर व देवरिया में जिलाध्यक्ष- महामंत्री के नामों पर लगी मुहर
15 दिनों में जिला कमेटियों के गठन का निर्देश, अखबार मालिकों व पत्रकारों की समस्याओं पर हुआ मंथन
अमर प्रताप सिंह जिला ब्यूरो गोरखपुर
गोरखपुर। ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन की सिनेमा रोड स्थित कैंप कार्यालय पर मंडल कमेटी की पहली बैठक मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि जोन-1 के सचिव दीनानाथ यादव रहे, जबकि संचालन मंडल महामंत्री दिलीप कुमार पटवा ने किया। बैठक प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के निर्देश पर आयोजित की गई।
बैठक में गोरखपुर मंडल के गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर एवं देवरिया जनपदों में जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री के मनोनयन की घोषणा की गई। गोरखपुर में राजेश शर्मा जिलाध्यक्ष तथा वकील अहमद महामंत्री, महराजगंज में बाबू लाल गुप्ता जिलाध्यक्ष तथा हेमंत कुमार महामंत्री, कुशीनगर में सतीश कुमार जिलाध्यक्ष तथा इमामुद्दीन खान महामंत्री और देवरिया में संतोष कुमार श्रीवास्तव जिलाध्यक्ष तथा दिलीप कुमार गुप्ता महामंत्री बनाए गए। सभी पदाधिकारियों को 15 दिनों के भीतर अपने-अपने जिले की कमेटी का गठन कर सूची मंडल को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अखबार मालिकों एवं पत्रकारों की समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। फेडरेशन को बूथ स्तर से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर तक मजबूत करने तथा पत्रकारों और छोटे-मझोले समाचार पत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। मंडल के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने जनपदों के अखबारों और पत्रकारों की समस्याओं से पदाधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं जोन-1 के सचिव दीनानाथ यादव ने कहा कि फेडरेशन के साथ एकजुट होकर अपनी जायज मांगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत उठाने के लिए सभी को प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और अखबार मालिकों के हितों के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
अध्यक्षता करते हुए मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों एवं महामंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के नेतृत्व में फेडरेशन के प्रदेश के सभी 75 जिलों में गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। गोरखपुर मंडल में भी संगठन का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारों जिलों की कमेटियों के गठन के बाद गोरखपुर में बड़े पैमाने पर भव्य शपथग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
संचालन करते हुए मंडल महामंत्री दिलीप कुमार पटवा ने कहा कि वर्तमान समय में अखबार मालिकों और पत्रकारों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। इनके समाधान और शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए सभी को फेडरेशन के अभियान से जुड़कर मजबूती से अपनी बात रखने की जरूरत है।
बैठक को गोरखपुर के जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा महामंत्री वकील अहमद, कुशीनगर के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार, महामंत्री वकील अहमद, देवरिया के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता एवं अमर प्रताप सिंह ने संबोधित किया।
बैठक में शेषनाथ जैसवार, मुसाफिर अंसारी, फैसल अंसारी, अभिषेक श्रीवास्तव, प्रवीण कुशवाहा, मोहम्मद अतीक, शाहनवाज आलम, परवेज आलम एवं आबिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






