अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का मोर्चा
भितरवार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब अवैध शराब और नशे के खिलाफ विरोध की आवाज भितरवार क्षेत्र में भी तेज होती नजर आ रही है।
शिवपुरी के अमोला-पठा क्षेत्र में आदिवासी महिलाओं द्वारा शराब की कलारियों में तोड़फोड़ और दुकानें बंद कराने को लेकर किए गए प्रदर्शन के बाद अब बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सिला में बाथम समाज की महिलाएं सड़क पर उतर आईं।
महिलाओं ने अवैध शराब के साथ-साथ स्मैक और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्राम सिला में बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जमकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शराब की दुकानों से शराब निकालकर सड़क पर फेंक दी।
महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री से युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। इसी को लेकर महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ठाकुर ढाबा के पास एक ठेले को महिलाओं द्वारा नहर में धकेलने की बात भी सामने आई है।
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शराब और नशे के खिलाफ विरोध के मामले सामने आ रहे हैं। अब सिला गांव में महिलाओं के सड़क पर उतरने से प्रशासन के सामने भी अवैध शराब और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की चुनौती खड़ी हो गई है।





