स्व. प्रमिला सिंह की तेरहवीं में पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
पत्नी सविता कोविंद व पुत्री स्वाती के साथ चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर जताई शोक संवेदना, हजारों लोग हुए शामिल
फतेहपुर यूपी। पूर्व शिक्षामंत्री स्व. अमरजीत सिंह जनसेवक की पत्नी स्व. प्रमिला सिंह की तेरहवीं पर कोरसम गांव का माहौल गमगीन नजर आया। अपनों के बीच बिछड़ने का दर्द और श्रद्धांजलि देने उमड़ी भीड़ के बीच पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को करीब शाम 4:50 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे । उनके पहुंचते ही लोगों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हो गया।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपनी पत्नी सविता कोविंद और पुत्री स्वाती कोविंद के साथ स्वर्गीय प्रमिला सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान माहौल पूरी तरह भावुक रहा। परिजनों और उपस्थित लोगों के चेहरों पर अपनों को खोने का दर्द साफ दिखाई दिया।स्व. प्रमिला सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए तेरहवीं कार्यक्रम में जनसेवक के करीबी पूर्व प्रधान एवं पत्रकार राजेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों समेत हजारों लोगों ने शामिल होकर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।कार्यक्रम में बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, वरिष्ठ सपा नेता सूरज पाल सिंह यादव, कुश वर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पूर्व राष्ट्रपति ने गोल्डन बाबा से भी की मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गोल्डन बाबा से भी मुलाकात की। इस मुलाकात ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।तेरहवीं कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं रहा, बल्कि स्व. प्रमिला सिंह की स्मृतियों को नमन करने और शोकाकुल परिवार के साथ खड़े होने का भावुक अवसर बन गया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने दिवंगत आत्मा के प्रति क्षेत्रवासियों की श्रद्धा और परिवार के प्रति संवेदना को भी व्यक्त किया। बिंदकी से नीलकमल की रिपोर्ट ।






